नई दिल्ली. चुनाव में धोखाधड़ी, SIR में गड़बड़ी और वोट चोरी के कथित आरोपों के खिलाफ विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया अलायंस के विरोध मार्च को चुनाव आयोग के रास्ते में ही रोक दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सभी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी दलों के सांसद शामिल हैं। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार कायर है।
इससे पहले लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में 25 विपक्षी दलों के सांसद संसद भवन से निकलकर पैदल ही चुनाव आयोग तक मार्च शुरू किया था। रास्ते में दिल्ली पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी और सात जगहों पर बैरिकेडिंग की थी।जानकारी के मुताबिक, विपक्षी दलों के सांसदों का एक किलोमीटर तक पैदल चलकर विरोध मार्च निकालना था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। सभी सांसद रास्ते में नारेबाजी करते जा रहे थे और चोर-चोर के नारे लगा रहे थे।
मतदाता सूची में कथित धांधली का राहुल गांधी द्वारा ‘खुलासा किए जाने’ के बाद विपक्षी दलों का यह पहला विरोध प्रदर्शन है। मार्च में राहुल गांधी के अलावा उनकी बहन और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, शशि थरूर, जयराम रमेश, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी पत्नी और सांसद डिंपल यादव, शिवसेना नेता संजय राउत के अलावा डीएमके, टीएमसी और अन्य दलों के नेता भी नजर आए। रास्ते में दिल्ली पुलिस ने विपक्षी सांसदों को रोकने की कोशिश की लेकिन अखिलेश यादव को छलांग लगाकर बैरिकेडिंग पार करते हुए देखा गया। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की इजाजत नहीं दी थी क्योंकि किसी भी सांसद ने इसकी अनुमति नहीं मांगी थी।
चुनाव आयोग की चिट्ठी, बातचीत को बुलाया
निर्वाचन आयोग सचिवालय ने कांग्रेस सांसद जयराम रमेश को जवाबी पत्र लिखकर आज दोपहर 12 बजे मुलाकात और बातचीत का समय तय किया था। इस चिट्ठी में कहा गया है कि चूंकि जगह कम है और पार्किंग स्पेस की दिक्कत है, इसलिए अधिकतम 30 लोग ही चर्चा करने के लिए बैठक में शामिल हों।
राहुल लगा रहे वोट चोरी के आरोप
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बेंगलुरु के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े सामने रखते हुए सात अगस्त को आरोप लगाया था कि मतदाता सूची में हेरफेर करके ‘‘वोट चोरी’’ का मॉडल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचाने के लिए लागू किया गया है। उन्होंने दिल्ली में संवाददाताओं के समक्ष महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची के आंकड़ों की प्रस्तुति दी थी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि कि बेंगलुरु मध्य लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 मतों की चोरी की गई जबकि यह सीट पिछले लोकसभा चुनाव भाजपा ने 32,707 मतों के अंतर से जीती थी।














