Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • राजनीति
  • ‘नितिन नबीन अब मेरे बॉस और मैं कार्यकर्ता’, पीएम मोदी ने भरी सभा में कार्यकर्ताओं को दे दिया क्लियर मैसेज
देश-विदेश

‘नितिन नबीन अब मेरे बॉस और मैं कार्यकर्ता’, पीएम मोदी ने भरी सभा में कार्यकर्ताओं को दे दिया क्लियर मैसेज

नई दिल्ली: बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया है। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी , राजनाथ सिंह, अमित शाह, एस जयशंकर जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहे। नितिन नबीन की ताजपोशी के बाद पीएम मोदी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और जमकर तारीफ की।

पीएम मोदी ने नितिन नबीन को अपना बॉस बताया
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सर्वप्रथम, विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के अध्यक्ष चुने जाने पर श्री नितिन नबीन को हार्दिक बधाई। पिछले कई महीनों से, संगठन की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक, पूरी प्रक्रिया शत प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई है। आज यह प्रक्रिया विधिवत और औपचारिक रूप से संपन्न हो गई है। आज से अब नितिन नबीन मेरे बॉस हैं और मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं।

नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आज के युवाओं की भाषा में कहें तो नितिन जी स्वयं एक तरह से मिलेनियल हैं। अगले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह वह दौर है जब एक विकसित भारत का निर्माण होना है और यह होना तय है। इस महत्वपूर्ण दौर की शुरुआत में, हमारे नितिन नबीन जी भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

आज के युवाओं की भाषा में कहें तो नितिन जी स्वयं एक तरह से मिलेनियल हैं। वे उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन देखे हैं। वे उस पीढ़ी से हैं जिसने अपने बचपन में रेडियो से सूचना प्राप्त की और अब एआई का सक्रिय उपयोगकर्ता है। नितिन जी में युवा ऊर्जा और संगठनात्मक कार्य का व्यापक अनुभव दोनों हैं। यह हमारी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए बहुत लाभकारी होगा।

पीएम मोदी ने अटल जी, आडवाणी से लेकर जेपी नड्डा तक का किया जिक्र
अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सफर में वेंकैया नायडू जी और नितिन गडकरी जी सहित हमारे कई वरिष्ठ साथियों ने संगठन को विस्तार दिया। राजनाथ जी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया।

फिर अमित भाई के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं और लगातार दूसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। फिर जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक और सशक्त हुई और लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। मैं भाजपा के पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता की सेवा हमारे लिए हमेशा सर्वोपरि रही है। हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है इसलिए भाजपा पर जनता का विश्वास निरंतर मजबूत होता गया है। अगर बीते 11 वर्षों की ही बात करें तो भाजपा की यात्रा जनविश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा रही है। बीते 11 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने सामर्थ्य से सरकार बनाई। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा जनता की एक बड़ी आवाज़ बनकर उभरी है।

आज भाजपा सुशासन की पार्टी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी। आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है। देश ने आजादी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर… लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है।

हमारी पार्टी ने आदिवासियों का दर्द समझा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दशकों तक आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक से जोड़कर देखा गया लेकिन संवेदनशील भाजपा ने, भाजपा के हमारे संस्कारों ने समाज के प्रति समान भाव के हमारी परंपरा के कारण भाजपा ने आदिवासियों में भी सबसे पिछड़ी जनजातियों की पीड़ा को समझा और उनके विकास के लिए PM-जनमन योजना बनाई।

भाजपा ‘मेंबरशिप’ से भी ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ पर भरोसा करता है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा एक संस्कार है। भाजपा एक परिवार है। हमारे यहां ‘मेंबरशिप’ से भी ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती।

भाजपा सिर्फ संसद-विधानसभा ही नहीं अब नगरपालिका और नगर निगमों में भी पहली पसंद
पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा सिर्फ संसद और विधानसभा की ही नहीं, बल्कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी पहली पसंद है। इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र है। भाजपा, महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में नंबर वन पार्टी बनी है। कुल 29 में से 25 बड़े शहरों की जनता ने भाजपा-एनडीए को चुना है। कुल जितने पार्षद जीते हैं, उनमें से 50 प्रतिशत भाजपा के हैं। ऐसे ही केरल में भाजपा के करीब 100 पार्षद हैं। ऐसे ही तिरुवनंतपुरम की जनता ने मेयर चुनाव में 45 साल बाद लेफ्ट से सत्ता छीनी और भाजपा पर भरोसा किया।

साभार नवभारत टाइम्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts