इंडिया वर्सेस इंग्लैंड चौथा टेस्ट मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। बुधवार को मैच के पहले दिन भारत ने पहली पारी में 83 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 264 रन जोड़े।
साई सुदर्शन ने दिखाया दम
करुण नायर की जगह मैनचेस्टर टेस्ट में खेलने वाले साई सुदर्शन ने दम दिखाया। उन्होंने वन डाउन उतरने के बाद धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 151 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 61 रन बनाए। यह उनकी पहली टेस्ट फिफ्टी है। सुदर्शन को हेडिंग्ले में डेब्यू टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद बाहर होना पड़ा था। हालांकि, 23 वर्षीय बल्लेबाज ने अब दूसरा मौका भुनाकर अपने चयन को सही ठहराया।
यशस्वी ने ठोका अर्धशतक
लॉर्ड्स में फ्लॉप रहने वाले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का मैनचेस्टर में बल्ला चला। उन्होंने पहले दिन अर्धशतक ठोका। उन्होंने 107 गेंदों में 58 न जुटाए, जिसमें 10 चौके और एक सिक्स शामिल है। यह यशस्वी के टेस्ट करियर की 12वीं फिफ्टी है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1000 टेस्ट रन कंप्लीट कर लिए हैं। यशस्वी ने 16 पारियों में यह आंकड़ा छुआ।
फिफ्टी से चूके केए राहुल
इंग्लैंड दौरे पर शानदर फॉर्म में चल रहे केएल राहुल मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 98 गेंदों में चार चौकों की बदौलत 46 रनों का योगदान दिया। टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम को राहुल और यशस्वी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े। भारत ने पहले सेशन में कोई विकेट नहीं गंवाया था।
शुभमन गिल फिर फ्लॉप
लॉर्ड्स टेस्ट में सिर्फ 22 रन बनाने वाले कप्तान शुभमन गिल मैनचेस्टर में पहले दिन भी फ्लॉप रहे। उनके बल्ले से 23 गेंदों में महज 12 रन निकले। उन्होंने एक चौका जमाया। गिल को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। गिल शुरुआती दो मैचों में गजब की लय में दिखे थे लेकिन फिर धमाल नहीं मचा सके। वह मौजूदा सीरीज में 7 सात पारियों में 619 रन बटोर चुके हैं, जिसमें दो दमदार सेंचुरी और एक दोहरा शतक शामिल है।
ऋषभ पंत पहुंचे अस्पताल
भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत मैच के पहले दिन 48 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद 37 रन बनाने के बाद रिटायर हर्ट हुए। उन्हें बुरी तरह चोटिल होने के बाद अस्पताल जाना पड़ा। वह क्रिस वोक्स के खिलाफ रिवर्स स्वीप शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद दाहिने पैर में लग गई। वह एलबीडब्ल्यू आउट होने से बच गए मगर पैर में काफी सूजन आ गई। पैर से थोड़ा खून भी निकला। उन्हें एंबुलेंस के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया। पंत का अस्पताल में स्कैन होगा, जिसके बाद कोई अपडेट सामने आएगा। उन्होंने सुदर्शन के साथ चौथे विकेट के लिए 72 रनों की पार्टनरशिप की। पहले दिन स्टंप्स के समय भारत का स्कोर 264/4 था। रविंद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर 19-19 रन बनाकर नाबाद हैं।















