गर्मी का मौसम आते ही शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है. पानी के अलावा मौसमी फल भी इसमें अहम भूमिका निभाते हैं, और खरबूजा उन्हीं में से एक है. यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है, बल्कि कई हेल्थ बेनिफिट्स भी देता है. बाजार में इसकी भरपूर उपलब्धता होती है, लेकिन हर बार मीठा और रसदार खरबूजा मिल जाए, ऐसा जरूरी नहीं होता. साथ ही इसे सही तरीके से स्टोर करना भी उतना ही जरूरी है. ऐसे में कुछ आसान टिप्स आपकी मदद कर सकते हैं.
इन बातों का रखें ध्यान
सबसे पहले बात करते हैं सही खरबूजा चुनने की. जब भी आप खरबूजा खरीदें, उसका निचला हिस्सा जरूर देखें. अगर उसका बॉटम हिस्सा गहरे रंग का है, तो समझिए वह अच्छे से पका हुआ है. वहीं, अगर रंग हल्का है तो वह अभी कच्चा हो सकता है और स्वाद में मीठा नहीं होगा. इसके अलावा आप स्मेल से भी उसको पहचान सकते हैं.
छिलके पर भी ध्यान देना जरूरी
खरबूजे की बाहरी परत यानी छिलके पर भी ध्यान देना जरूरी है. पका हुआ खरबूजा आमतौर पर हल्के पीले रंग का होता है, जिस पर हरी धारियां दिखाई देती हैं. अगर खरबूजा पूरी तरह हरा दिखे, तो उसे खरीदने से बचें, क्योंकि वह अधपका हो सकता है.
हल्का महसूस होने वाला खरबूजा
वजन भी एक अहम संकेत देता है। जब आप खरबूजा हाथ में लें, तो हल्का महसूस होने वाला खरबूजा ज्यादा मीठा और रसदार होता है. बहुत ज्यादा भारी खरबूजे में बीज अधिक हो सकते हैं और मिठास कम हो सकती है. साथ ही बहुत ज्यादा नरम या दबा हुआ खरबूजा भी न लें, क्योंकि वह ज्यादा पका या खराब हो सकता है.
कैसे कर सकते हैं स्टोर?
अब बात करते हैं इसे स्टोर करने की. अगर आपने पूरा खरबूजा खरीदा है और तुरंत काटने का प्लान नहीं है, तो उसे कमरे के तापमान पर ही रखें. वहीं, अगर खरबूजा कट चुका है, तो उसके बचे हिस्से को छोटे टुकड़ों में काटकर एयरटाइट कंटेनर में फ्रिज में रखें। इससे वह ज्यादा समय तक ताजा बना रहेगा, एक और जरूरी बात, खरबूजे को अन्य फलों और सब्जियों के साथ स्टोर करने से बचें. इसकी तेज खुशबू दूसरे फलों के स्वाद को प्रभावित कर सकती है. इसके अलावा, इसके बीजों को धोकर और सुखाकर बाद में कई डिशेज में इस्तेमाल किया जा सकता है.












