नई दिल्ली. दिल्ली से उड़ान भरकर मुंबई जा रहा एयर इंडिया का वह विमान करीब एक घंटे का सफर कर चुका था। 355 यात्रियों के साथ आसमान को छू रहे विमान में अचानक ऐसी गड़बड़ी का पता चला कि इसे तुरंत वापस दिल्ली की ओर मोड़ना पड़ा। विमान को दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतार लिए जाने के बाद ही राहत की सांस ली जा सकी। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के मुताबिक, क्रू मेंबर को दाहिने इंजन में लो ऑइल प्रेशर का पता चलने पर विमान को तुरंत वापस मोड़ा गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ’22 दिसंबर को AI887 दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट के क्रू ने एक तकनीकी दिक्कत के बाद एसओपी के तहत तुरंत दिल्ली लौटने का फैसला किया।’ बयान में इस बात का ब्योरा नहीं दिया गया कि किस तरह की गड़बड़ी का पता चला था।
‘इंजन ऑइल का प्रेशर जीरो हो गया था’
डीजीसीए ने इस घटना पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि एयर इंडिया के विमान ने ‘एयर टर्नबैक’ क्योंकि टेक-ऑफ के बाद फ्लैप्स समेटते समय फ्लाइट क्रू ने इंजन नंबर-2 (दाहिने इंजन) में इंजन ऑइल प्रेशर कम पाया।’ कुछ देर बाद इंजन में तेल का प्रेशर जीरो हो गया। डीजीसीए ने कहा कि प्रोसीजर का पालन करते हुए क्रू ने इंजन नंबर-2 बंद कर दिया और एयरक्राफ्ट दिल्ली में सुरक्षित तरीके से लैंड हुआ। विमानन नियामक ने कहा कि विमान की जांच चल रही है। डीजीसीए ने कहा कि डायरेक्टर एयर सेफ्टी (NR) की देखरेख में विमान कंपनी के परमानेंट इन्वेस्टिगेशन बोर्ड की ओर से जांच की जाएगी।
एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर विमान के सुरक्षित लैडिंग के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से उतार लिया गया। प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन को इस अप्रत्याशित स्थिति से हुई असुविधा पर खेद है। प्रवक्ता ने कहा, ‘विमान की आवश्यक जांच की जा रही है। दिल्ली में हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान कर रही है और उन्हें शीघ्र ही उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। एयर इंडिया में हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।’
नागर विमानन मंत्रालय ने लिया संज्ञान
नागर विमानन मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उसने टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी समस्या से जुड़ी एयर इंडिया की उड़ान AI-887 की घटना का संज्ञान लिया है। पोस्ट में कहा गया कि मंत्रालय ने एयर इंडिया से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और डीजीसीए को इस मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है। नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि एयरलाइन को यात्रियों को हर संभव सहायता देने और उन्हें अगली उड़ानों में समायोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।















