एमएस धोनी के गैरमौजूदगी में बना शर्मनाक रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में पंजाब किंग्स को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक तरफा जीत मिली. इस मैच को जीतकर पंजाब ने बड़े रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई तो दूसरी ओर सीएसके ने शर्मनाक रिकॉर्ड बना डाले. एमएस धोनी के गैरमौजूदगी में खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स को एमए चिदंबरम स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से हराया. पंजाब की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है, जबकि चेन्नई की लगातार दूसरी हार. ये नौवां मौका था, जब पंजाब ने 200+ रन का टारगेट चेज किया. इस मामले में पंजाब की टीम नंबर-1 बनी हुई है, जबकि आईपीएल में चेन्नई के खिलाफ उसी के होम ग्राउंड में पंजाब की ये लगातार चौथी जीत है.
चेन्नई सुपर किंग्स के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने जो शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया, वो टी20 क्रिकेट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 200+ का स्कोर बनाने के बाद भी हार मिलना है. पंजाब के खिलाफ सीएसके को 5वीं बार 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद भी हार मिली है. सीएसके से पहले वेस्टइंडीज के नाम ये शर्मनाक रिकॉर्ड था, जिसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बार 200 से ज्यादा का स्कोर करने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा है.
सीएसके के साथ सिर्फ दूसरी बार हुआ है ऐसा
आईपीएल के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब चेन्नई सुपर किंग्स को एक सीजन के शुरुआती दो मैचों में हार मिली हो. आखिरी बार साल 2022 में ऐसा देखने को मिला था, तब सीएसके को अपने शुरुआती चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था. इसके अलावा अपने होम ग्राउंड चेपॉक में सीएसके ने अपने पिछले 6 मैच गंवाए हैं और रुतुराज की कप्तानी में ही सीएसके ने पिछले 6 मैच हारे हैं.
पंजाब से मिली हार के बाद क्या बोले रुतुराज गायकवाड़?
आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी हार के बाद सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने कहा कि टीम के स्पिनर्स का खराब प्रदर्शन टीम को भारी पड़ गया. रुतुराज ने कहा, ‘सच कहूं तो मुझे लगा कि ये सच में एक बहुत अच्छा स्कोर था. विकेट तेज गेंदबाजों के लिए बेहतर था, लेकिन मुझे लगा कि स्पिनरों के लिए ये थोड़ा ग्रिप कर रहा था. गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी. धीमी गेंद भी ग्रिप कर रही थी. इसलिए मुझे लगता है आप जानते हैं इस मैदान के लिए, खासकर बड़ी बाउंड्री को देखते हुए मुझे लगा कि ये सच में एक बहुत अच्छा स्कोर था.













