ओडिशा में कोरोना वायरस (COVID-19) के दो नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की कुल संख्या बढ़कर तीन हो गई है। राहत की बात यह है कि स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है और नागरिकों से किसी भी तरह का पैनिक (डर) न फैलाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सामने आए तीनों मामले राज्य के गंजाम जिले से जुड़े हैं।
इस मौके पर जन स्वास्थ्य निदेशक रवींद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि दोनों संक्रमित घर पर आइसोलेशन में हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने कहा कि तीसरी संक्रमित महिला का इलाज बरहामपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है।
मिश्रा ने बताया, महिला की हालत भी स्थिर है। हालांकि वह मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों से भी पीड़ित है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, अब यह सामान्य फ्लू जैसी बीमारी बन गई है और वायरस पहले की तुलना में कमजोर हो गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव संतोष मिश्रा ने बुधवार को बरहामपुर स्थित अस्पताल का दौरा कर महिला के उपचार और वहां की स्थिति की समीक्षा की थी।














