सहारनपुर. यूपी के सहारनपुर में हादसा हो गया। शेखपुरा कदीम गांव के पास टायरों से तेल निकालने की फैक्ट्री में रविवार शाम बॉयलर फटने से आग लग गई। इससे गैस का रिसाव हो गया। आग और दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री मालिक और तीन अन्य मजदूर झुलसे गए। सूचना पर एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक और सीएफओ मौके पर पहुंचे। टीमों ने मजदूरों के शवों को बाहर निकाला। घायलों को देहरादून और देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम में ब्रजेश प्रजापति की बीएंडएन के नाम से टायरों से तेल निकालने की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री का एक सप्ताह पहले ही उद्घाटन हुआ था। पुलिस के मुताबिक रविवार शाम फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। इस बीच बॉयलर फटने से आग लग गई और गैस का रिसाव हो गया।
सूचना पर सीएफओ प्रताप सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा, सीओ मनोज कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। झुलसे फैक्ट्री मालिक और पांच मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया कि मृतकों में शोएब (27 वर्ष) निवासी कलियर, रुड़की और बिल्लू (50) निवासी गांव मसावी मुजफ्फरनगर हैं। वहीं घायलों में फैक्ट्री मालिक ब्रजेश प्रजापति और मजदूर सुहैल, विशाल और जितेंद्र हैं। फैक्ट्री मालिक समेत तीन को देहरादून और एक को देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी व्योगम बिंदल ने बताया, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बॉयलर फटने से आग लगी और फिर गैस का रिसाव हो गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है। मामले की जांच बैठा दी गई है। फैक्ट्री मालिक के बारे में भी पता किया जा रहा है। घटना की हर बिंदु से जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।















