साल 2025 में रिलीज हुई नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द रॉयल्स’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. वहीं अब इसके दूसरे सीजन की भी तैयारी शुरू हो चुकी है. पहले सीजन में एक्टर ईशान खट्टर और भूमि पेडनेकर एक साथ नजर आएं थे, लेकिन इसी बीच नए सीजन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले सीजन की लीड स्टार भूमि पेडनेकर अब सीजन 2 में नजर नहीं आएंगी. एक्ट्रेस को सीजन 1 में काफी ट्रोल किया गया था.
‘द रॉयल्स 2’ में नहीं दिखेंगी भूमि पेडनेकर?
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, भूमि पेडनेकर अब नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द रॉयल्स के दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं होंगी. बताया जा रहा है कि मेकर्स अब शो की रोमांटिक कहानी को आगे बढ़ाने के बजाय शाही परिवार की कहानी और उनके आपसी रिश्तों पर ज्यादा फोकस करना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे सीजन में ईशान खट्टर, जीनत आमान और साक्षी तंवर के किरदारों और ‘द रॉयल्स की दुनिया को ज्यादा विस्तार से दिखाया जाएगा.
सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, ‘जब आप रोमांस बनाते हैं, तो कहानी उसी के इर्द-गिर्द चलती है. लेकिन शो रिलीज होने के बाद दर्शकों को सबसे ज्यादा शाही परिवार और उनकी दुनिया पसंद आई. पहले सीजन का अंत अधूरी लव स्टोरी के साथ हुआ था, लेकिन उसे आगे बढ़ाने का कोई फैसला नहीं लिया गया. भूमि के साथ किसी तरह का विवाद नहीं हुआ है. मेकर्स सिर्फ कहानी को दूसरे सीजन में स्वाभाविक तरीके से आगे ले जाना चाहते हैं.’
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि भूमि पेडनेकर अब अलग और ज्यादा दमदार किरदारों की तरफ बढ़ना चाहती हैं. वह जल्द ही प्राइम वीडियो की सीरीज ‘दलदल’ के दूसरे सीजन में एक परेशान पुलिस ऑफिसर के किरदार में वापसी करेंगी.
फर्स्ट सीजन में बुरी तरह ट्रोल हुईं थीं एक्ट्रेस
बता दें, भूमि पेडनेकर को ‘द रॉयल्स’ में उनके किरदार के लिए काफी ट्रोल किया गया था. एक्ट्रेस ने सीरीज स्टार्टअप फाउंडर का रोल प्ले किया था. भूमि ने द हॉलीवुड रिपोर्टर को दिए इंटरव्यू में बताया था कि लगातार 10 साल तक बिना रुके काम करने के बाद उन्होंने 2025 में लाइमलाइट से थोड़ा दूर रहने का फैसला लिया था. भूमि ने कहा, ‘मैं पिछले दस सालों से लगातार काम कर रही थी,’ और लगातार एक किरदार से दूसरे किरदार में जाने का असर उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत पर पड़ने लगा था.
भूमि के किरदार को लेकर उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. इस पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘जब इतना ज्यादा शोर होता है, तो इंसान सुन्न पड़ जाता है.’ भूमि पेडनेकर ने बताया कि उनके ब्रेक लेने की असली वजह इससे भी कहीं ज्यादा गहरी थी. उन्होंने कहा, ‘मेरे अंदर कुछ बचा ही नहीं था. मेरे पास ऐसी वास्तविक जिंदगी के अनुभव नहीं बचे थे, जिन्हें मैं अपने काम में इस्तेमाल कर सकूं, और यही बात मुझे डराने लगी थी.’ एक्ट्रेस ने बताया कि ट्रोलिंग से ज्यादा इस एहसास ने उन्हें खुद को फिर से समझने और नए सिरे से शुरुआत करने के लिए मजबूर किया.















