आरोपी ने फेसबुक पर बनाई दोस्ती, शादी का दिया लालच
शादी से इनकार और जान से मारने की दी धमकी
पीड़िता ने 12 सितंबर को की थी शिकायत
रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने शादी के फरेब से एक युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करने के मामले में शुक्रवार को फरार आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ धारा 376(2) और अन्य के तहत मामला दर्ज है।
मामला 12 सितंबर 2025 का है, जब पीड़िता ने कोतरारोड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि करीब चार साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी मुलाकात आतिश द्वितीया नाम के शख्स से हुई। धीरे-धीरे रिश्ता गहरा गया। आरोपी ने उसे शादी का प्रलोभन देकर विश्वास में लिया। अप्रैल 2023 में आरोपी ने उसे घुमाने के बहाने एक परिचित के घर ले जाकर पहली बार उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद, उसने अलग-अलग जगहों पर युवती का शोषण जारी रखा।
धमकी तक पहुंचा मामला:
पीड़िता के मुताबिक, उसने कई बार शादी के लिए दबाव डाला, लेकिन आरोपी हर बार बात को टालता रहा। आखिरकार 11 सितंबर को आरोपी ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद हिम्मत जुटाकर युवती ने पुलिस के सामने मामला रखा।
पुलिस ने दिखाई तत्परता:
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार हो गया था। उपनिरीक्षक कुसुम कैवर्त ने पीड़िता का बयान दर्ज करते हुए मेडिकल जांच जैसी जरूरी कार्रवाई पूरी की। 25 सितंबर को आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया। इस सफल गिरफ्तारी में पुलिस टीम के सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।















