रायगढ़, 23 सितंबर। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी के एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में चोरी की गई 52 दुपहिया वाहन बरामद की गई हैं, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य 40 लाख रुपये से अधिक है।
साप्ताहिक बाजार और मंदिर थे निशाना:
आरोपी रायगढ़ शहर के इतवारी बाजार, केजीएच अस्पताल, श्याम मंदिर, संजय मार्केट जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों के साथ-साथ सीमावर्ती जिलों सक्ती और सारंगढ़ में साप्ताहिक बाजार, हॉस्पिटल और मंदिरों के पास खड़ी बाइकों को चुराने में सक्रिय थे। गिरोह का मास्टरमाइंड बाइकों को मास्टर की (चाबी) से ताला खोलकर चुराया करता था।
साइबर सेल की सूझबूझ से हुआ खुलासा:
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसपी श्री पटेल ने साइबर सेल और शहरी थानों की विशेष टीम बनाई थी। टीम ने पुराने बाइक चोरों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी कड़ी में, मुख्य आरोपी राजा उर्फ राजा खान (34) को एक बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने रायगढ़ के साथ-साथ पुसौर, सक्ती, हसौद, सारंगढ़ आदि इलाकों में बड़ी संख्या में बाइकें चुराने का मामला कबूला।
18 आरोपी गिरफ्तार, 52 बाइकें बरामद:
राजा खान के खुलासे के बाद एसपी के निर्देश पर साइबर सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान राजा खान समेत 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 52 दुपहिया वाहन जब्त किए गए। बरामद बाइकों में ज्यादातर बेहद लोकप्रिय और आसानी से बिकने वाली मॉडल जैसे 38 हीरो हॉन्डा डीलक्स, 9 स्प्लेंडर, 4 प्लैटिना और 1 एक्टिवा 6G स्कूटी शामिल हैं।
पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज:
जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी राजा खान का पूर्व में भी धरमजयगढ़ और बरमकेला थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड है। बरामद बाइकों में से 21 पर रायगढ़ जिले में, 2 पर सक्ती जिले में और 1 पर सारंगढ़ जिले में चोरी की एफआईआर दर्ज पाई गई है।
पुलिस टीम की सफलता:
इस बड़ी सफलता में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम और डीएसपी (साइबर सेल) श्री अनिल विश्वकर्मा की अगुआई में साइबर सेल की टीम और संबंधित थानों के कर्मियों की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं: राजा खान, अजय कुमार साहू, अर्जुन महिलाने, मेमसाय साहू, भानुप्रताप खूंटे, लक्ष्मण दास महंत, देवकुमार भारद्वाज सहित कुल 18 आरोपी।















