Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • कांकेर में माओवादी संगठन को फिर खड़ा करने की कोशिश नाकाम, 8 लाख के इनामी DVCM चंदर समेत 5 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

कांकेर में माओवादी संगठन को फिर खड़ा करने की कोशिश नाकाम, 8 लाख के इनामी DVCM चंदर समेत 5 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर में कमजोर पड़ चुके माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कांकेर जिले में पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें आठ लाख रुपये का इनामी माओवादी DVCM चंदर कतलाम और पड्डा काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर मंगलू भी शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई को उत्तर बस्तर में माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार माओवादी क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ बैठक कर संगठन को फिर से खड़ा करने और ग्रामीणों से संपर्क बढ़ाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को उनके गतिविधियों की जानकारी मिली। मुखबिरी के आधार पर मेंड्रा इलाके में कार्रवाई कर पांच माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनका एक साथी मंगेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार माओवादियों में DVCM चंदर कतलाम, मंगलू, मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी शामिल हैं। चंदर कतलाम पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह माओवादी संगठन में डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) के पद पर सक्रिय बताया जा रहा है। वहीं मंगलू पड्डा काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर बताया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को गोंडाहूर थाना लाया गया है।

ग्रामीणों के बीच नेटवर्क मजबूत करने की थी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक उत्तर बस्तर क्षेत्र में माओवादी संगठन का प्रभाव कमजोर होने के बाद उसे दोबारा सक्रिय करने की कोशिश की जा रही थी। इसके लिए ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर संपर्क बढ़ाने और संगठन के नेटवर्क को मजबूत करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि बैठक से पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और कार्रवाई कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार बरामदगी की भी चर्चा
कार्रवाई के बाद हथियार बरामदगी को लेकर भी जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने एक AK-47 और एक SLR बरामद की है। हालांकि हथियारों की बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि और इनके संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क, गतिविधियों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फरार मंगेश की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts