राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को ACB की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रधान आरक्षक ने रुपए के लेनदेन से जुड़े मामले में उनसे 5 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की जांच और सत्यापन किया। इसके बाद बुधवार को योजनाबद्ध तरीके से गौरव अग्रवाल को 20 हजार रुपये देकर बसंतपुर थाना भेजा गया।
जैसे ही गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात ACB की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल ACB की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।















