सुबह से दस्तावेज खंगाल रहे ED के अधिकारी, राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर चल रही जांच; कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ED की अलग-अलग टीमों ने राजधानी में 3 से 4 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। इस कार्रवाई में चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर का घर भी शामिल है, जहां ED के अधिकारी जांच के लिए पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से ही ED की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। अनवर ढेबर के घर के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। फिलहाल अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
पहले भी कारोबारी ठिकानों पर पड़ चुकी है ED की रेड
गौरतलब है कि हाल ही में ED ने रायपुर और दुर्ग में भी कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के घर दो गाड़ियों में पहुंची ED की टीम ने कई दस्तावेजों की जांच की थी।
वहीं दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी स्थित E-701 में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी ED ने दबिश दी थी। करीब 10 सदस्यीय टीम सुबह 6 बजे उनके घर पहुंची थी और दस्तावेजों को खंगाला था।
फिलहाल शुक्रवार को हुई ताजा कार्रवाई के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।















