सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पैसों के लालच में हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था।नक्शे देखें
बता दें कि 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र में महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर की दूरी पर सुजल बरेठ (18) का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया था। वहीं उसकी मां रजनी बरेठ का शव केशवनगर स्थित घर में संदिग्ध हालत में मिला था, जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर से आरोपी प्रवेश कुमार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
स्टील की बोतल से मारकर घोंट दिया शिक्षिका का गला
आरोपी प्रवेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह ऑटो पार्टस का काम करता है और पैसों की तंगी के चलते उसने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी और मृतका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थी। आरोपी को उसकी पत्नी ने बताया था कि रजनी ने 19 लाख रूपए का लोन लिया हैं, जिसके बाद आरोपी इस रकम को हड़पने के लिए उसके घर पहुंचा और उससे पैसों की मांग की। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और उसने स्टील की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं इसके बाद आरोपी ने बाथरूम में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या का राज खुलने के डर से बेटे को भी मार डाला
घटना के बाद हत्या का राज खुलने के डर से आरोपी ने रजनी के बेटे सुजल बरेठ को भी मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात को उसने बड़े शातिराना तरीके से अंजाम दिया। पहले तो उसे गुमराह किया कि उसकी मां हमारे घर पर है और फिर घुमाने के बहाने उसे कार में अपने साथ ले गया। खिलाने-पिलाने के बाद लौटते हुए राई जंगल में ले गया और वहां उसकी सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ससुराल में रखा मोबाइल, पेपर और ज्वेलरी
आरोपी ने वारदात के बाद मृतका का मोबाइल, घर के पेपर और ज्वेलरी अपने ससुराल अंबिकापुर में रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस ने वारदात में शामिल कार, स्टील की बोतल और सीमेंट के खंभे का टुकड़ा भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।















