गॉल : मानव सुथार (छह विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बुधवार को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन भोजनकाल के बाद श्रीलंका की पूरी टीम को दूसरी पारी में 206 रनों पर समेट कर मुकाबला 165 रनों से अपने नाम कर लिया। यह 600वें टेस्ट में भारत की ऐतिहासिक जीत है।
इससे पहले रवींद्र जडेजा और प्रसिद्ध कृष्णा ने सुबह के सत्र में भारत को दो सफलताएं दिलाई, जिससे भोजनकाल के समय तक श्रीलंका का दूसरी पारी में स्कोर छह विकेट पर 175 रन हो गया था। आज यहां श्रीलंका ने चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरु किया। कप्तान धनंजय डीसिल्वा और सोनल दिनुशा ने संभल कर खेलते हुए स्कोर को 156 रन तक ले गये 56वें ओवर की दूसरी गेंद पर रवींद्र जडेजा ने धनंजय डीसिल्वा का शिकार कर भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई।
धनंजय डिसिल्वा ने 151 गेंदों में सात चौके लगाते हुए (59) रन बनाए। इसके बाद 60वें ओवर की आखिरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने नए बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (10) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। भोजनकाल के बाद मानव सुथार ने शतक की ओर बढ़ रहे सोनल दिनुशा को आउटकर श्रीलंका को बैकफुट पर धेकल दिया।
सोनल दिनुशा को 128 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए (84) रनों की पारी खेली। इसके बाद सुथार ने 76वें ओवर में प्रभात जयसूर्या , लाहिरू कुमारा को खाता भी खोलने का मौका नहीं दिया। सुथार ने 78वें ओवर की चौथी गेंद पर केशरा नुवंता (20) का शिकार कर श्रीलंका की दूसरी पारी का 206 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। भारत की ओर से मानव सुथार ने 23.4 ओवरों मे 56 रन देकर छह विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
प्लेइंग XI
भारत :यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका : लाहिरू उदारा, निशान मदुष्का, दिनेश चंडीमल, कमिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।














