पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान ने करीब नौ महीने बाद अपनी बहन से मुलाकात की। रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद इमरान खान से मंगलवार को उनकी पत्नी बुशरा बीबी और बहन नोरीन नियाजी ने भी मुलाकात की। यह मुलाकात पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद हुई, जिसमें इमरान खान के परिवार को हर सप्ताह उनसे मिलने की अनुमति दी गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान की बहन नोरीन नियाजी ने इस साल पहली बार उनसे मुलाकात की। दोनों की मुलाकात करीब 15 मिनट तक चली। जेल सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया कि मुलाकात जेल के कॉन्फ्रेंस रूम में हुई। इस दौरान इमरान की सेहत और अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई।
नोरीन ने इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बारे में भी बताया, जिसमें उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाने का निर्देश दिया गया है। इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता के बीच पाकिस्तान की शीर्ष अदालत ने उनके परिवार को नियमित मुलाकात की अनुमति दी है। अदालत ने साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकात का रास्ता साफ किया है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इन मुलाकातों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया गया तो दी गई राहत वापस ली जा सकती है। इसी वजह से मुलाकातों के दौरान राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी पाबंदियां रखी गई हैं।
बाकी बहनों और पार्टी नेताओं को नहीं मिली इजाजत
इमरान खान की अन्य बहनों अलीमा खान और उज़मा खान तथा उनके चचेरे भाई कासिम ज़मान को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई। इसके अलावा PTI के राजनीतिक नेताओं को भी इस मुलाकात में शामिल होने से रोक दिया गया। बता दें कि इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी भी अडियाला जेल में बंद हैं।
बुशरा बीबी और बच्चों से की मुलाकात
मंगलवार को उन्होंने अपने परिवार से अलग मुलाकात की। रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान और बुशरा बीबी की मुलाकात करीब 30 से 35 मिनट चली। इसके बाद बुशरा बीबी ने अपने बच्चों मूसा और मुबाशिरा मनेका तथा अपनी ननद मेहरुनिसा से भी मुलाकात की। बुशरा बीबी के ये बच्चे उनके पहले विवाह से हैं, जो बाद में तलाक के साथ समाप्त हुआ था।
इमरान खान 2023 से जेल में बंद
इमरान खान अगस्त 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ कई मामले चल रहे हैं। वह फिलहाल अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री की कानूनी स्थिति और उनकी सेहत दोनों ही लगातार राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को इमरान खान को दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में मेडिकल इलाज के लिए स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। अदालत के अनुसार, उन्हें वहां 16 सितंबर तक रखा जाना है। इसी तारीख को अदालत निजी अस्पताल में उनके इलाज से संबंधित याचिकाओं पर फिर सुनवाई करेगी।















