लौकी की साधारण सब्जी कम लोगों को पसंद होती है लेकिन इसके कोफ्ते हर कोई खाना पसंद करता है। लौकी के कोफ्ते बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है लेकिन इसकी ग्रेवी अक्सर पतली हो जाती है। पतली ग्रेवी के साथ कोफ्ते खाने में मजा नहीं आता और चावल के साथ करी पानी सी लगती है। अगर आपकी लौकी के कोफ्ते की ग्रेवी भी पतली हो जाती है, तो उसे गाढ़ा करने के लिए एक सीक्रेट ट्रिक अपना सकते हैं। हम आपको शेफ शिखा की बताई लौकी के कोफ्ते की सिंपल रेसिपी बताने जा रहे हैं। उन्होंने ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए आसान ट्रिक बताई है, जिसे बनाने के बाद आप उंगलियां चाटकर कोफ्ते खाएंगे। तो चलिए फिर होटल जैसे लौकी के कोफ्ते बनाने की आसान रेसिपी बताते हैं।
कोफ्ते के लिए सामग्री
2 कप कद्दूकस की हुई लौकी, 1/2 कप बेसन, 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर, 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/4 छोटा चम्मच हल्दी, 1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, नमक स्वादानुसार, तलने के लिए तेल।
ग्रेवी के लिए सामग्री
2 बड़े प्याज (बारीक कटे), 2 टमाटर (प्यूरी), 10-12 काजू (15 मिनट भिगोकर पेस्ट बना लें), 2 बड़े चम्मच दही (फेंटा हुआ), 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, 2 हरी मिर्च, 1/2 छोटा चम्मच जीरा, 1 तेजपत्ता, 1/4 छोटा, चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला, 1/2 छोटा चम्मच कसूरी मेथी, 2 बड़े चम्मच ताजी मलाई या फ्रेश क्रीम, 2 बड़े चम्मच तेल, 1 बड़ा चम्मच घी, नमक स्वादानुसार, हरा धनिया सजाने के लिए।
होटल स्टाइल लौकी के कोफ्ते बनाने की रेसिपी
सबसे पहले आप कोफ्ते बनाने के लिए कद्दूकस की हुई लौकी को निचोड़कर रख लें। निकाले हुए पानी को फेंकें नहीं, बाद में ग्रेवी में इस्तेमाल कर सकते हैं। लौकी में बेसन, कॉर्नफ्लोर, नमक और सभी मसाले मिलाकर बैटर तैयार करें। कड़ाही में तेल गर्म करें और इसमें लौकी के छोटे-छोटे गोले बनाकर सुनहरा होने तक तल लें।
ग्रेवी करें तैयार
कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालकर चटकाएं साथ में तेजपत्ता डालें। प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें, फिर अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर पकाएं। अब टमाटर प्यूरी, हल्दी, धनिया, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाला तब तक भूनें, जब तक तेल अलग न होने लगे। ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए आपको मसाला भूनते समय काजू का पेस्ट, फेंटा हुआ दही मिलाना है। इन चीजों को डालकर 4-5 मिनट धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। आखिर में थोड़ी सी मलाई, कसूरी मेथी और गरम मसाला मिक्स करें। मलाई से कोफ्ते की ग्रेवी रिच और गाढ़ी बनेगी। अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी होने लगे, तब लौकी का बचा हुआ पानी इसमें मिला दें।
कोफ्ते बनाएं
मसाला पूरी तरह से बन जाए, तब इसमें बने हुए कोफ्ते डालकर 5 मिनट तक चलाएं। बस फिर आपकी लौकी के कोफ्ते की सब्जी बनकर तैयार हो जाएगी। हरी धनिया से गार्निशिंग करें और इसे रोटी, चावल के साथ सर्व करें।















