बिलासपुर। 28 जून 2026| छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने बिलासपुर जिले को लेकर कहा है, शहर की पुलिस व्यवस्था में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा, कानून-व्यवस्था, नक्सल अभियान और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से अपनी बात रखी। गृह मंत्री के इस बयान के बाद बिलासपुर में लंबे समय से चल रही पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू किए जाने की चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने बताया, राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जा चुकी है और इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि बिलासपुर में भी जल्द पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भौगोलिक संदर्भ
हालांकि गृह मंत्री ने इस बदलाव की तारीख या औपचारिक घोषणा नहीं की, लेकिन उनके बयान को बिलासपुर में प्रस्तावित पुलिस कमिश्नर प्रणाली से जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें, बिलासपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू किए जाने को लेकर लंबे समय से प्रशासनिक स्तर पर चर्चा चल रही हैं और इसकी तैयारियां भी अंदरूनी स्तर पर तेज बताई जा रही हैं। फिलहाल इसकी आधिकारिक समय-सीमा तय नहीं हुई है।
मीडिया से चर्चा के दौरान गृह मंत्री ने बस्तर में नक्सल अभियान को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब पूरी तरह नक्सलियों से मुक्त हो चुका है और राज्य सरकार ने सुरक्षा के मोर्चे पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की है।
राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में गरीब परिवारों के लिए 10 लाख से अधिक आवासों का निर्माण कर एक रिकॉर्ड कायम किया गया है। सरकार गरीबों के हित में लगातार काम कर रही है और विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर गृह मंत्री ने दोहराया कि प्रदेशभर में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिलासपुर को लेकर दिया गया उनका बयान अब शहर की पुलिस व्यवस्था में संभावित बड़े प्रशासनिक बदलाव की चर्चाओं के केंद्र में आ गया है।













