पटना. बिहार में छठ बाद चुनाव का पारा चढ़ेगा। दीपावली और छठ पर्वों के कारण सियासी दल प्रचार अभियान तो चला रहे थे लेकिन इसकी बहुत गति नहीं थी। मंगलवार दोपहर बाद जब लोग पर्वों के उत्साह से निकलेंगे तब जाकर चुनावी शोर जोर पकड़ेगा। इसको लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने पुरजोर तैयारी कर रखी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 30 अक्तूबर से लेकर 7 नवम्बर तक के कार्यक्रम तय किये जा चुके हैं। कांग्रेस नेता गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे की सभाएं लगाई जा रही हैं। वाम के भी बड़े नेताओं की ताबड़तोड़ सभाएं होंगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की रोजाना की सभाएं 29 अक्तूबर से बढ़ जाएंगी। अभी दोनों नेता प्रतिदिन तीन से चार सभा कर रहे हैं। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की सभाएं भी 28 अक्तूबर से लगातार होंगी। पहले चरण का मतदान छह नवंबर को है। इसके लिए प्रचार 4 नवंबर की शाम थम जाएगा। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है और इसके लिए प्रचार 9 नवंबर को थम जाएगा। इस तरह देखें तो छठ के पारण के दिन से दूसरे चरण का प्रचार समाप्त होने तक महज 13 दिन बचते हैं। इसी दौरान राज्य के दोनों चरणों के विधानसभा क्षेत्रों की जनता तक पहुंचने की तैयारी एनडीए और इंडिया दोनों गठबंधनों ने की है।
ये भी पढ़ें:घर घर ठेकुआ, घाट सज रहे; पीएम मोदी ने छठ पूजा को एकता का सूत्र बतायाये भी पढ़ें:पटना में रोड शो करेंगे पीएम, आ गई तारीख; 10 दिनों में मोदी का तीसरा बिहार दौरा
बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच महीने बाद फिर पटना में दो नवंबर को रोड शो करेंगे। पीएम का यह रोड शो कुम्हरार तथा बांकीपुर विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। भाजपा ने रोड शो की तैयारी शुरू कर दी है। दो और तीन नवंबर को बिहार में प्रधानमंत्री की चुनावी सभाएं होनी है। इससे पहले 29 मई, 2025 को प्रधानमंत्री पटना में रोड शो किये थे। विधानसभा चुनाव को लेकर छठ बाद प्रधानमंत्री की कई सभाएं होंगी। 30 अक्तूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में जनसभाएं होनी हैं। वहीं, दो, तीन, छह और सात नवंबर को वे बिहार आएंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य विरिष्ठ नेताओं का भी छठ बाद चुनावी सभाओं के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी छठ बाद चुनावी सभाएं और जोर पकड़ेगी। इसी क्रम में 28 अक्तूबर को मुख्यमंत्री गायघाट और उजियारपुर में सभाएं करेंगे। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खरगे चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। प्रियंका गांधी छठ के पारण के दिन 28 अक्तूबर को दो सभाएं करेंगी। छठ बाद 29 अक्टूबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की राज्य में पहली चुनावी सभा मुजफ्फरपुर के सकरा में होगी। चुनावी सभा में उनके साथ बिहार विधान सभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें:’लालू को बिहार चोर ही समझता है,’ तेजस्वी के दावों पर भड़के सम्राट चौधरीये भी पढ़ें:शेर कंगन का लालच दे रहा, तेजस्वी के चुनावी वादों को प्रशांत किशोर ने बताया जालये भी पढ़ें:कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारक करेंगे बिहार दौरा, देखें पूरी लिस्ट
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव 23 अक्तूबर से ही चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे रोजाना चार चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। छठ महापर्व के बाद नेता प्रतिपक्ष का चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा। पार्टी नेताओं के अनुसार छठ महापर्व के बाद एक दिन में नेता प्रतिपक्ष कम से कम आठ-दस चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का चुनावी प्रचार-प्रसार का अभियान 28 अक्तूबर से शुरू होगा। 28 अक्तूबर को वे पूर्णिया और कटिहार विधानसभा क्षेत्रों में सभा करेंगे। 29 और 30 अक्तूबर को सहरसा, मधेपुरा और भागलपुर जिले की विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करेंगे।















