Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • देश-विदेश
  • लाल किला के पास विस्फोट में 8 की मौत, गृह मंत्रालय की अहम बैठक आज
देश-विदेश

लाल किला के पास विस्फोट में 8 की मौत, गृह मंत्रालय की अहम बैठक आज

दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में बम धमाका होने के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास से गुजर रही एक कार में हुआ। ब्लास्ट इतना भीषण था कि काफी दूर तक इसकी धमक दिखी और आग भड़क गई। कई कारें इस आग की चपेट में आईं और इस वजह से अब तक 8 लोगों के मरने और 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। इस विस्फोट को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया, ‘आज शाम लगभग 7 बजे, दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 गाड़ी में विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हो गए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। NSG और NIA की टीमों ने FSL के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी CCTV कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेंगे।’ इस घटना के बाद राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत देश के तमाम नेताओं ने दुख जताया है।

दिल्ली के लालकिले के पास सोमवार देर शाम करीब छह बजकर 56 मिनट पर जिस कार में जोरदार धमाका हुआ। सूत्रों की मानें तो वह हरियाणा नंबर की बताई जा रही है। कार सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड है। सूत्र बताते हैं कि सलमान के नाम पर ही i20 कार रजिस्टर्ड है। वहीं पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा का कहना है कि धमाका लाल किले के ट्रैफिक सिग्नल के पास धीमी गति से चल रही गाड़ी में हुआ।

गुरुग्राम से कनेक्शन, सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड
दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई i20 कार गुरुग्राम के शांति नगर में रजिस्टर्ड थी। सलमान परिवार के साथ इसी मकान में किराए पर रहता था। सलमान परिवार के साथ इस मकान में साल 2017 से साल 2021 तक रहा। उसके बाद वह सोहना की एक सोसाइटी में शिफ्ट हो गया था। सलमान के परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। सलमान निजी कंपनी में काम करता है।

पुलवामा के तारिक को बेची थी गाड़ी
शुरुआती पूछताछ में गुरुग्राम निवासी सलमान ने पुलिस को बताया कि उसने यह कार करीब डेढ़ साल पहले ही दिल्ली के ओखला क्षेत्र निवासी देवेंद्र को बेच दिया था। अंत में यह गाड़ी पुलवामा के तारिक नाम के शख्स को बेची गई थी।

सेकेंड हैंड खरीदी थी कार
गुरुग्राम नंबर की कार कंपता चलने पर गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम शांति नगर के मकान पर देर रात पहुंची। सलमान मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने मकान मालिक दिनेश को साथ लेकर सोहना की सोसाइटी में गई। इसके बाद वहां से सलमान को हिरासत में लिया। सलमान ने बताया कि उसने सेकंड हैंड कार साल 2017 के बाद खरीदी थी। किराए के मकान पर रजिस्टर कराई थी जबकि मकान मालिक को इस बारे में जानकारी नहीं थी।

हरियाणा पुलिस के संपर्क में दिल्ली पुलिस
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है। एक टीम हरियाणा के लिए रवाना हो चुकी है।

सीसीटीवी फुटेज से छानबीन
सूत्र यह भी बताते हैं कि i20 कार जिस रूट से मौके पर पहुंची उसकी छानबीन के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

मौके पर एजेंसियों की टीमें
स्थानीय पुलिस के अलावा फायर यूनिट, आपदा प्रबंधन की टीम और एहितियातन बम निरोधक दस्ता और डॉग निरोधक दस्ते भी मौके पर हैं। इसके अलावा एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है। एनआईए और एनएसजी की टीमें भी मौके पर पहुंच कर मुआयना कर रही हैं।

सभी एंगल से छानबीन
केंद्रीय गृह मंत्री ने अमित शाह ने साफ कर दिया है कि घटना की सभी एंगल से छानबीन की जा रही है। एजेंसियां जल्द धमाके की वजहों का पता लगा लेंगी। बताया जाता है कि धमाके के बाद करीब दर्जन भर अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।

हाई इंटेंसिटी का धमाका
यह धमाका हाई इंटेंसिटी का था। धमाके की आवाज दूर तक आवाज सुनाई दी। फिलहाल कार में हुए धमाके की जांच की जा रही है। फॉरेसिंक एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं। धमाका इतना जोरदार था कि गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए और दूर-दूर तक धुआं भी फैल गया।

भारी भीड़ के वक्त धमाका
वहीं आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई और दूर तक खड़ी गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। जब ये धमाका हुआ उस वक्त इस इलाके में भारी भीड़ थी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। हर तरफ एजेंसियों की गाड़ियां और उनकी टीमें दिखाई दे रही हैं। सभी टीमें अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच में जुट गई हैं और मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts