रायगढ़। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने बुधवार को थाना यातायात परिसर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 450 से ज्यादा हेलमेट का निशुल्क वितरण किया गया। इसके बाद यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए।
माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों का सहयोग करने के बजाय उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना चाहिए। यही ‘सेवा संकल्प’ की मूल भावना है।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ा है। सड़क हादसों में कमी के लिए नियमों का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन से बड़ा कुछ नहीं है, इसलिए वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचें। उन्होंने तीन सवारी बैठाकर वाहन नहीं चलाने, तेज रफ्तार और शराब पीकर ड्राइविंग से बचने की अपील की। अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की।
‘हेलमेट कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, सुरक्षा के लिए पहनें’
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि जिला और पुलिस प्रशासन सड़क हादसों को लेकर गंभीर है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हर महीने आयोजित कर दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेलमेट पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए पहनें। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग भी अनिवार्य रूप से करने की अपील की।
9 महीने में 30 हजार से ज्यादा कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 तक मोटरयान अधिनियम के तहत 30,859 कार्रवाई की गईं। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों से 2 करोड़ 77 लाख 95 हजार 400 रुपए का अर्थदंड वसूला गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद सड़क हादसों के आंकड़ों में अपेक्षित कमी नहीं आना चिंता का विषय है। सड़क सुरक्षा सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से यातायात दूत बनकर नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने नागरिकों को 450 से अधिक हेलमेट वितरित किए और यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।













