काठमांडू. नेपाल में भोटेकोशी नदी में अचानक आए तेज जलप्रवाह और बाढ़ के बाद यूपी और बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है. गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है. बता दें कि नेपाल में आई बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 177 पहुंच गया है. 750 से अधिक लोग लापता हैं.
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची है (Photo: AFP)नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची है (Photo: AFP)
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से भारी तबाही देखने को मिली है. नेपाल में आए इस विनाशकारी फ्लैश फ्लड में करीब 177 लोगों की मौत हो चुकी है और 750 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. बाढ़ के कारण कई क्षेत्रों का परिवहन और संपर्क ढांचा भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क बाधित हो गया है.
इस घटना में 13 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है और कई वाहन तेज बहाव की चपेट में आ गए. नेपाल सेना ने प्रभावित इलाकों से 250 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला है. नेपाल में कई लोग अब भी लापता हैं. इनमें कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.
इस बीच, नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार में भी प्रशासन अलर्ट पर है. गंडक, नारायणी और कोसी नदी के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है. यूपी के महाराजगंज और कुशीनगर समेत बिहार के संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को अलर्ट किया गया है.
गृह मंत्रालय समेत कई केंद्रीय मंत्रालय लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. बिहार के 6 जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत के लोग नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं.
चीन की तरफ अब भी फंसे हैं 200 भारतीय
विदेश मंत्रालय (MEA) ने नेपाल में बाढ़ के बाद लापता भारतीयों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. मंत्रालय ने कहा कि संभव है कि कुछ लापता भारतीय चीन की तरफ भी हों. MEA के मुताबिक, जैसा कि पहले बताया गया था, करीब 200 भारतीय अब भी चीन की तरफ फंसे हुए हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा कि स्थिति लगातार बदल रही है और रेस्क्यू एवं लापता लोगों से जुड़ी जानकारी भी नियमित रूप से अपडेट हो रही है.
नेपाल में फंसे तमिलनाडु के 21 भारतीय रेस्क्यू, कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे
नेपाल में फंसे तमिलनाडु के 21 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है. विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी है. ये सभी भारतीय नागरिक कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए थे. नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड के बाद ये वहां फंस गए थे, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर इन्हें सुरक्षित निकाला गया.
नेपाल में 288 भारतीय नागरिक लापता, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि नेपाल में आई तबाही की वजह से 288 भारतीय नागरिक लापता हैं. लापता लोगों की तलाश जारी है.













