Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • देश-विदेश
  • राम मंदिर के CEO ने भक्तों से मांगा समर्थन, कहा- जल्द ही जमीन पर दिखेगी रणनीति
देश-विदेश

राम मंदिर के CEO ने भक्तों से मांगा समर्थन, कहा- जल्द ही जमीन पर दिखेगी रणनीति

अयोध्या : राम मंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जीतेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को भगवान राम के भक्तों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा तथा कहा कि ट्रस्ट की रणनीति का परिणाम जल्द ही जमीन पर दिखने लगेगा। मिश्रा ने यहां ट्रस्ट सदस्यों की बैठक के बाद ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”हमारी अपील है कि आपका विश्वास और आशीर्वाद हमारे साथ बना रहे। राम भक्तों का आशीर्वाद हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आपके आशीर्वाद और विश्वास से हम आगे बढ़ेंगे। मुझे कुछ समय दें।”

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बुधवार को मंदिर के पहले सीईओ नियुक्त किए गए मिश्रा ने कहा कि वह वर्तमान में पूरी प्रणाली को समझने की कोशिश कर रहे हैं और ट्रस्ट के सदस्यों से मिलने और राम मंदिर का दौरा करने के बाद उन्होंने अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, ”परिणाम कुछ ही दिनों में दिखने लगेंगे।” सीईओ ने कहा कि बैठक में चर्चा विभिन्न हितधारकों के साथ काम करने और ट्रस्ट के काम को आगे बढ़ाने के तरीकों पर केंद्रित रही। उन्होंने कहा, ”जो भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे उन्हें मीडिया के सामने भी लाया जाएगा।”

जिम्मेदारी सौंपे जाने के लिए भगवान राम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मिश्रा ने कहा, ”भगवान श्री राम ने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर मुझ पर अपनी कृपा बरसाई है। इससे अधिक कोई और क्या मांग सकता है?” बैठक यहां वैदेही भवन में ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि की उपस्थिति में हुई, जिसमें ट्रस्ट के कई सदस्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया। मिश्रा ने कहा कि ट्रस्ट के मार्गदर्शन में भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें व्यवस्थाओं और पारदर्शिता पर भी चर्चा होगी। ट्रस्ट आगामी त्योहारों की तैयारियों और राम भक्तों की सुविधाओं और सुरक्षा पर भी विचार-विमर्श कर रहा है। बुधवार को प्रबंधन संबंधी एक बड़े बदलाव की घोषणा के बाद ट्रस्ट की यह पहली बैठक थी, जब मिश्रा को मंदिर का पहला सीईओ नियुक्त किया गया था और गोविंद देव गिरि को नया महासचिव नामित किया गया था। दिल्ली के महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

अयोध्या के मदन मोहन पांडे, शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव और भागचंदका को नए ट्रस्टी के रूप में शामिल किया गया है। इस प्रकार यादव ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य हैं। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व करने वाले मिश्रा उन तीन उम्मीदवारों में शामिल थे जिन्हें ट्रस्ट की चयन समिति ने 5,585 आवेदनों की जांच के बाद सीईओ पद के लिए चयनित किया था। राम मंदिर से दान की चोरी के आरोपों की पृष्ठभूमि में प्रबंधन में बदलाव किया गया है। राम मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी मामले को लेकर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा सहित प्रमुख पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था, जबकि विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव को उनके कर्तव्यों से मुक्त कर दिया गया। कथित दान चोरी के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और वे फिलहाल जेल में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts