कोलंबो : शानदार फॉर्म में चल रहे श्रीलंका के सोनल दिनुशा ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान दूसरी इनिंग में अर्धशतक लगाते हुए बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। सोनल दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान सभी चार पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए हैं। इतना ही नहीं इससे भी बड़ी बात यह है कि वह भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले पहले श्रीलंकाई हैं।
इससे पहले श्रीलंका के कुमार संगकारा और दिमुथ करुणारत्ने ने यह उपलब्धि हासिल की है। लेकिन भारत के खिलाफ यह पहला मौका है। संगकारा ने दो बार दो मैचों की टेस्ट सीरीज में यह रिकॉर्ड बनाया है। संगकारा ने बांग्लादेश के खिलाफ 2013 और फिर इंग्लैंड के खिलाफ उसी के घर में 2014 में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 4 बार 50 प्लस स्कोर बनाया था। करुणारत्ने ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2018 में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब इस लिस्ट में सोनल का नाम शामिल हो गया है जिन्होंने भारत के खिलाफ ऐसा किया।
दो मैचों की टेस्ट सीरीज की सभी चार पारियों में 50 से ज्यादा रन (श्रीलंकाई)
कुमार संगकारा बनाम BAN (घरेलू, 2013)
कुमार संगकारा बनाम ENG (बाहर, 2014)
दिमुथ करुणारत्ने बनाम SA (घरेलू, 2018)
सोनल दिनुशा बनाम IND (घरेलू, 2026)
भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में सोनल दिनुशा
सोनल दिनुशा के रिकॉर्ड की बात करें तो इस सीरीज में उनका बल्ला खूब बोला है। सोनल ने गॉल में पहले टेस्ट की पहली इनिंग में भारत के खिलाफ 168 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 100 रन बनाए थे। वहीं दूसरी इनिंग्स में उन्होंने 128 गेंदों पर 84 रन बनाए थे जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल था। कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली इनिंग में सोनल ने 162 गेंदों पर 103 रन (8 चौके और 3 छक्के) रन बनाए जबकि श्रीलंका की दूसरी इनिंग में 65 रन पर खेल रहे हैं।














