दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी पारा वार्ड नंबर-7 में शनिवार को नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किराए के मकान में युवक के साथ रह रही नाबालिग का शव घर के अंदर मिला। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद साथ रहने वाला युवक रविदास मानिकपुरी फरार है। पुलिस ने मामला जांच में लेते हुए फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, शनिवार सुबह 11 बजे के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां नाबालिग लड़की मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक, लड़की ने गले में मंगलसूत्र और मांग में सिंदूर लगा रखा था। शुरुआती जांच में उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि पेट पर भी गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके को जांच के दायरे में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फरार युवक की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस युवक की तलाश के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और घटना स्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग वहां कब से रह रही थी और किन परिस्थितियों में वह युवक के साथ रह रही थी। पुलिस ने अभी युवक की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
ई-रिक्शा चलाता था युवक
पड़ोसी शिव कुमार यादव ने बताया कि दोनों पति-पत्नी बनकर यहां रह रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि साथ रहने वाला युवक रविदास मानिकपुरी ई-रिक्शा चलाता था। वह इसके पहले भी पॉक्सो मामले में गिरफ्तार होने की जानकारी सामने आई है।















